धैर्य की असली परख कठिन समय में ही होती है...!
वृक्ष कभी इस बात से दुःखी नहीं होता कि उसने कितने पुष्प खो दिए , वह सदैव नए फूलों के सृजन में व्यस्त रहता है । जीवन में कितना कुछ खो गया , इस पीड़ा को भूलकर हम नया क्या कर सकते हैं , इसी में जीवन की सार्थकता है ।
इस संसार में आने-जाने का क्रम अनादि काल से चलता आया है , जो शाश्वत है । संसार रूपी मंच पर मानव मात्र अभिनय कर्ता है । परमात्मा जैसी भूमिका का निर्धारण करता है , प्रत्येक जीव तदनुसार ही भूमिका अदा करके इस संसार से रुखसत हो लेता है । लेकिन जब वह जीव इस संसार से अलविदा हो जाता है तब वह दुःख मूल बनता है। यह दुःख नाहक नहीं है , सकारण है चूँकि इस अभिनय की प्रक्रिया में उस जीव का विभिन्न क्रिया -प्रतिक्रियाओं के द्वारा सांसारिकता से तादात्म्य हो जाता है । इस तादात्म्य से आकर्षण और आकर्षण से अपनत्व हो जाता है । बस यही तादात्मीकरण की प्रक्रिया ही दुःख का कारण बनती है। दुःख सबको होता है । परन्तु जो व्यक्ति दुःख को अपने ऊपर हावी नहीं होने देते , ऐसे व्यक्ति और योगियों में फिर कोई अंतर नहीं रह जाता ।निश्चित रूप से यह आपके लिए बहुत बुरा समय है । परिवर्तन इस प्रकृति का शाश्वत नियम है ।
मानव जीवन में विपरीत परिस्थितियाँ पग पग पर मिलती हैं , जो व्यक्ति इन परिस्थितियों को सहन कर गुजर जाता है , वे आत्मतत्त्व के बड़े पक्के माने गए हैं । ऐसे कुसमय को दूर करने का सबसे बड़ा योद्धा धैर्य को कहा गया है। तुलसीदास ने भी मानस में लिखा है कि धैर्य की परीक्षा विषम परिस्थिति में ही होती है । किसी भी परिस्थिति में धैर्य नहीं खोना चाहिए ।जिस व्यक्ति ने धैर्य नहीं खोया वह सब कुछ रिकवर कर सकता है । यदि भगवान ने बिगाड़ी है , तो भगवान बनाएगा भी....! इसी सत्य का स्मरण कर दिनचर्या को पूर्ववत रखना इस तरह के दुःख एवं विषम परिस्थिति में सहायक होता है ।कठिन समय में यदि सामान्य रहने की कोशिश की जाए तो कठिन समय भी दृढ़ इच्छाओं के सामने हार ही जाता है । पूर्ववत होने का प्रयास करते रहना चाहिए....!
No comments:
Post a Comment